बड़नगर में गांजा बेचने आया था उड़ीसा का तस्कर गिरफ्तार -पुलिस ने 2 किलो किया जप्त, रिमांड पर पूछताछ जारी

बडनगर/उज्जैन। मादक पदार्थ ड्रग्स और गांजे को लेकर पुलिस द्वारा जिले में आॅपरेशन प्रहार अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थ से जुड़े लोगों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में बड़नगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर  गांजे की तस्करी करने वाले उड़ीसा के तस्कर को गिरफ्तार किया है।
बड़नगर टीआई नरेन्द्र बहादूरसिंह परिहार और विकास देवड़ा की टीम को चैकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक मादक पदार्थ की खेप लेकर बेचने के लिये बड़नगर आने वाला है। पुलिस टीम ने युवक को पकड़ने के लिये नाकाबंदी की और झालरिया फंदे पर चैकिंग अभियान शुरू किया। एक युवक हाथ में थैली लेकर आता दिखाई दिया। जिसे पकड़ने का प्रयास किया तो युवक भागने लगा, उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। उसके पास से 2 किलो 175 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत 75 हजार रूपये थी। युवक को थाने लाया गया। उसका नाम जुनेश पिता माशिआ मलिक 22 साल निवासी पीड़िआगुड़ा थाना फिरिंगिया जिला कंधमाल उड़ीसा सामने आया। टीआई विकास देवड़ा ने बताया कि युवक के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जिसे 3 दिनों की रिमांड पर पूछताछ के लिये लिया गया है।
गांजा खरीदने वालों की तलाश
टीआई नरेन्द्र बहादूरसिंह परिहार ने बताया कि आरोपी ने गांजा बेचने के लिये बड़नगर आने की बात कबूल की है। रिमांड अवधि में उससे गांजा खरीदने वालों की जानकारी ली जायेगी और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जायेगें। आरोपी पहली बार बड़नगर आना बता रहा है। उसने पूर्व में अपने साथियों के बड़नगर गांजा लेकर आने बात भी कबूल की है। आरोपी से जुड़े सभी लोगों की कड़िया जोड़ी जायेगी, संभावना है कि मादक पदार्थ तस्करी की बड़ी चेन का खुलासा हो सकता है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment