नेपानगर। नगर पालिका नेपानगर द्वारा शहर में सम्पत्तिकर, जलकर और समेकित कर को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल के निर्देश पर नगर पालिका सीएमओ दिलीप चौहान ने वसूली अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।जानकारी देते हुए नगर पालिका के जनसंपर्क अधिकारी नरेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि राजस्व और जलकर बकाया वसूली को लेकर नगर पालिका ने बुधवार से वसूली अभियान शुरू किया है।
जिसके तहत सोमवार को नगर पालिका के कर्मचारियों ने वसूली अभियान शुरू किया। इस दौरान कर्मचारियों ने बकायादारों से संपर्क कर उन्हें बकाया राशि जमा कराने की समझाइश दी और राजस्व / जलकर की वसूली की कार्यवाही की।तंवर ने बताया कि नगर पालिका सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से जलकर की राशि जमा नहीं की है, उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए नल कनेक्शन विच्छेद करने की कार्यवाही की जा रही है। आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार राजस्व, जलकर और सम्पत्तिकर अभियान आगामी दिनों तक लगातार जारी रहेगा। बकायादारों से अपील है कि वे समय पर अपना बकाया राजस्व, जलकर और सम्पत्तिकर जमा कराएं, ताकि नल कनेक्शन काटने जैसी कार्यवाही से बचा जा सके।आज हुई कार्यवाही के दौरान निकाय के राजस्व विभाग के अधिकारी / कर्मचारी रामु करोसिया, राजेन्द्र ठोमरे, अमित साल्वे, आशिष कटारिया एवं जलकार्य विभाग के कर्मचारी शामिल थे।