इंदौर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, इंदौर ने देवी अहिल्या विवि 5 एवं 6 नवंबर को निर्धारित विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं की तिथियों में परिवर्तन करने की माँग की है। विवि कुलसचिव को ज्ञापन देकर आग्रह किया गया है कि इसमें बदलाव किया जाए। मंगलवार को अभाविप ने विवि में ज्ञापन देते हुए बताया कि 6 नवंबर को धनतेरस का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसका भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में विशेष धार्मिक और सामाजिक महत्त्व है। ऐसे में पर्व के दिन परीक्षा होने से विद्यार्थियों को असुविधा होगी। उनके लिए परीक्षा एवं पर्व की तैयारियों के बीच समन्वय स्थापित करना कठिन हो सकता है। 5 नवंबर को परीक्षा होने के कारण विद्यार्थियों को अपने गृह नगर जाने में भी परेशानी होगी। परिषद् ने विवि से आग्रह किया कि निर्धारित परीक्षाओं की तारीख में परिवर्तन करते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी किया जाए।
=====