ब्रह्मास्त्र इंदौर
नगर निगम ने शनिवार को दो कोचिंग संस्थानों के बेसमेंट सील किए। कार्रवाई निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई। दोनों स्थानों पर पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट का अन्य उपयोग किया जा रहा था। जोन क्रमांक 13, वार्ड क्रमांक 74 स्थित स्कॉलर्स अकादमी कोचिंग इंस्टिट्यूट के बेसमेंट में वाहन पार्किंग की स्वीकृत जगह पर टेबल-बेंच लगाकर विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। यह व्यवस्था भवन अनुमति और अग्नि सुरक्षा मानकों के विपरीत पाई गई। निरीक्षण के बाद निगम अमले ने बेसमेंट को सील कर दिया। इसी क्षेत्र में संचालित विद्यापीठ कोचिंग के बेसमेंट में भी पार्किंग क्षेत्र का उपयोग स्टोर रूम के रूप में किया जा रहा था। निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर निगम ने यहां भी सीलिंग की कार्रवाई की। निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि व्यावसायिक भवनों के बेसमेंट का उपयोग केवल स्वीकृत उद्देश्य, यानी वाहन पार्किंग के लिए ही किया जाए। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित संस्थान या भवन स्वामी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।