नगर निगम की नानाखेडा से शांति पैलेस तक की सडक का निर्माण का निरीक्षण एसीएस दुबे बोले-अच्छा ये बताओं इस स्थिति में सडक का पानी कैसे निकलेगा -सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के स्थल पर पहुंचकर परखी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति

उज्जैन । नगर निगम द्वारा नानखेडा चौराहा से शांति पैलेस तक निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग पर पहुंचे अपर मुख्य सचिव संजय दूबे ने अधिकारियों के सामने इंजीनियर से पूछा अच्छा ये बताओ इस सडक का पानी कैसे निकालोगे। इस पर इंजीनियर हक्का –बक्का था। एसीएस श्री दूबे ने मात्र सवाल ही नहीं पूछा उन्होंने इंजीनियर को पानी निकालने का रास्ता भी बताया और चेंबर पर चद्दर के ढक्कन को भी ठीक करने का कहा।शनिवार को नगरीय विकास एवं आवास विभाग के एसीएस श्री दुबे ने  उज्जैन पहुंच कर निर्माणाधीन कार्यों का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वे सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की गति, गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अधिकारियों के साथ कार्यों को स्थल पर देखने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह तथा नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।सबसे पहले ही देखा मार्ग-श्री दूबे ने सबसे पहले नानाखेड़ा चौराहा से शांति पैलेस तक फोरलेन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि निर्माणाधीन मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़क पर निर्मित चैंबरों को हाई ग्रेड स्टील से कवर करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सडक की मोटाई के साथ लंबाई को भी अपने सामने नपती करवाया। उन्होंने इंजीनियर को साफ कहा अभी सडक निर्माणाधीन है कमियों को दूर कर लें बाद में छोडूंगा नहीं। फोरलेन मार्ग पर जीआईएस सर्वे कराकर छायादार एवं बड़े पौधे लगाने तथा यातायात के अनुरूप लाइटिंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्री दुबे ने कहा कि चौराहो के विकास का कार्य एक ही एजेंसी के माध्यम से कराया जाए, ताकि कार्यों में बेहतर समन्वय बना रहे।सडक निर्माणाधीन, अस्थाई अतिक्रामक सक्रिय-इसके बाद श्री दूबे दो तालाब से टैगोर चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क की स्लैब की ऊंचाई इस प्रकार निर्धारित की जाए कि भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने मार्ग निर्माण के दौरान फुटपाथ क्षेत्र में बनाए जा रहे चैंबरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन सडक पर एक सर्विस सेंटर के अस्थाई अतिक्रमण की स्थिति भी उभरकर सामने आई। अधिकारियों को देखकर उसने अपना ग्रीन नेट समेट लिया। इससे पूर्व तक उसने ग्रीन नेट से निर्माणाधीन सडक पर ग्रीन नेट से अतिक्रमण कर रखा था।नंदी चौराहा रोटरी की प्लानिंग बेहतर हो-एसीएस श्री दुबे ने हरिफाटक तथा ब्रिज के नीचे नंदी चौराहा क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए चारों ओर से आने वाले मार्गों को ध्यान में रखते हुए रोटरी की बेहतर प्लानिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोटरी एवं मार्गों की डिजाइन ऐसी हो, जिससे यातायात के सुचारु संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बाद उन्होंने भूखी माता के समीप निर्माणाधीन सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन पिलरों में फिनिशिंग का कार्य बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से सर्किट हाउस निर्माण की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली।यहां भी निरीक्षण-बड़नगर रोड होते हुए रोड क्रमांक 3 एवं रोड क्रमांक 10 । कार्तिक मेला ग्राउंड से नईखेड़ी मार्ग होते हुए सिंहस्थ बाईपास तक सड़क निर्माण कार्य । निर्माणाधीन सिंहस्थ मेला कार्यालय । सिंहस्थ मेला कार्यालय में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर । मंगलनाथ मंदिर परिसर विस्तारीकरण योजना ।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment