दुर्गा पंडालों में बालिकाओं की सुरक्षा का रखना होगा ध्यान -पुलिस ने समितियों के साथ बैठक कर दिये निर्देश

उज्जैन। नवरात्री का पर्व शुरू होने में कुछ दिन शेष बचे है। शहर में कई स्थानों पर दुर्गा पंडालों में माता की प्रतिमा स्थापित की जायेगी और गरबों का आयोजन होगा। सोमवार को पुलिस ने आयोजन समितियों के साथ बैठक आयोजित कर बालिकाओं, महिलाओं और बच्चों का विशेष ध्यान रखने के साथ सुरक्षा और नियमों का पालन करने के निर्देश जारी किये।
माता की आराधना का पर्व नवरात्री शांति और सौहार्द्र के साथ मनाया जा सके इसको लेकर पुलिस ने अपनी तैयारियां रविवार से शुरू कर दी थी। सोमवार को दुर्गा पांडाल समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिसमें सीएसपी संजू चौहान, महाकाल थाना प्रभारी ने अपने क्षेत्र में बनाये जाने वाले दुर्गा पांडाल समिति के पदाधिकारियों से चर्चा की और बताया गया कि पंडाल स्थापना के लिये आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद ही आयोजन किया जाए, पंडाल इस प्रकार से लगाये कि आमजन के साथ यातायात प्रभावित ना हो। प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग रखें, भीड़ को नियंत्रित करने हेतु पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करें। पंडाल में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तय की जाये। लाउडस्पीकर/डीजे का संचालन अनुमति के साथ निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें। महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा आयोजन समितियों से अपनी की गई कि आस्था के साथ जिम्मेदारी निभाये। विदित हो कि रविवार को पुलिस द्वारा डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई थी और रात 10 बजे बाद डीजे नहीं बजाने के निर्देश जारी करते हुये संचालकों से बॉण्ड भरवाये गये थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment