बड़नगर। दीपावली पर्व को लेकर नगर में पटाखा बाजार सजने लगा है। नगर पालिका ने इस बार भी पारदर्शिता बरतते हुए लॉटरी सिस्टम से सोमवार को दुकानों का आवंटन किया है।बुधवार को बच्छराज जिनिंग फैक्ट्री मैदान में पटाखा बाजार के लिए 52 दुकानदारों को लॉटरी के माध्यम से जगह आवंटित की गई। नगर पालिका ने यह व्यवस्था इसलिए की ताकि दुकान की जगह को लेकर किसी प्रकार का भेदभाव या विवाद न हो। प्रत्येक दुकानदार ने स्वयं पर्ची निकालकर अपनी दुकान का नंबर प्राप्त किया।
750 रुपये में आवंटन, सुरक्षा के विशेष इंतजाम –पालिका के कुशवाह ने बताया कि प्रत्येक दुकान के लिए निर्धारित शुल्क 750 रुपये की रसीद काटी जाएगी। इसके अलावा दुकान बनाने वाले ठेकेदार को तय राशि दुकानदारों को देनी होगी। शासन की गाइडलाइन के अनुसार दो दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी छोड़ी गई है और सामने खुला मैदान रखा गया है। पटाखा बाजार स्थल पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए फायर ब्रिगेड मौके पर तैनात रहेगी। इसके अलावा नगर पालिका और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी पटाखा व्यापारियों को भी अपनी दुकानों पर आग बुझाने के साधन और सुरक्षा के इंतजाम रखना अनिवार्य होगा।