इंदौर।अवैध हथियार के मामले में आरोपी बनाए गए सन्नी शिंदे को सोमवार को कोर्ट ने जेल भेजने के आदेश दिए। जमानत खारिज होने के बाद पुलिसकर्मी उसे जेल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया।सन्नी के खिलाफ संयोगितागंज पुलिस ने अवैध हथियार के मामले में केस दर्ज किया था। वह पहले से एक अन्य मामले में फरार चल रहा था। सोमवार को वह कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था। कोर्ट में सुनवाई के दौरान उसकी जमानत खारिज कर उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।इसी दौरान मौका पाकर वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
पुलिस ने कोर्ट परिसर में काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। मामले में कोर्ट के रीडर आलोक मेहता की शिकायत पर एमजी रोड पुलिस ने सन्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।सन्नी पर पहले से हैं अपराध दर्ज-सन्नी और उसके भाई बॉबी दोनों के खिलाफ संयोगितागंज थाने में पहले से अपराध दर्ज हैं। कुछ माह पहले सन्नी ने पड़ोसी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मारपीट के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी एफआईआर दर्ज की थी। सन्नी की मां एमवाय अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ में हैं। सन्नी एमवाय अस्पताल परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में रहता है। कुछ समय तक वह निजी एम्बुलेंस चलाने का काम भी करता था।