इंदौर। सदर बाजार क्षेत्र में मकान निर्माण के दौरान चौथी मंजिल से गिरकर घायल हुए 34 वर्षीय मजदूर की बुधवार सुबह मौत हो गई। वह मंगलवार को प्लास्टर का काम पूरा करने के बाद पटिए खोल रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सिर के बल नीचे गिर पड़ा।गंभीर चोट आने पर साथी मजदूर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पटिए खोलते समय बिगड़ा संतुलन-हादसा मरीमाता चौराहे के पास एक निर्माणाधीन मकान में हुआ। मृतक की पहचान सुनील पिता मुंशीलाल (34), निवासी भोलाराम मार्ग, सर्वानंद नगर के रूप में हुई है। वह मकान की चौथी मंजिल पर प्लास्टर का काम कर रहा था। काम पूरा होने के बाद पटिए खोलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।