खुले में कचरा फेंकना होटल पैलेस को पड़ा महंगा, 10 हजार का जुर्माना बड़ा गणेश मंदिर के पास गली में खुले में कचरा फेंकने की शिकायत पर नगर निगम की कार्रवाई

उज्जैन। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने चालानी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को वार्ड क्रमांक 33 में बड़ा गणेश मंदिर के समीप स्थित गली में खुले में कचरा फेंकने पर होटल कर्मा पैलेस के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को उक्त क्षेत्र में खुले में कचरा फेंके जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद विभाग की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान होटल संचालक द्वारा खुले में कचरा फेंका जाना पाए जाने पर निगम ने नियमानुसार चालानी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
निगम अधिकारियों ने दी समझाइश
यह कार्रवाई निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी कालूराम सोलंकी और स्वच्छता निरीक्षक मनीष पांडे द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित को समझाइश देते हुए भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर कचरा नहीं फेंकने और कचरे का उचित तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता को लेकर निगम सख्त
नगर निगम द्वारा शहरवासियों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से लगातार अपील की जा रही है कि कचरा खुले में न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें। निगम का कहना है कि उज्जैन धार्मिक और पर्यटन नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी चालानी कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से स्वच्छ उज्जैन के लिए सहयोग करने तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment