खरगोन। जिले के खण्डवा रोड पर शनिवार सुबह दो कारों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 112, पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे। घायलों की संख्या अधिक होने से निजी वाहनों से भी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कमोड़वाड़ा से खरगोन की ओर आ रही एक स्विफ्ट कार में सवार गजेंद्र जायसवाल (40) की इस दर्दनाक दुर्घटना में मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंचे शिक्षक संतोष जायसवाल ने बताया कि मृतक उनके जीजा होकर शनिवार सुबह उन्हें अचानक घबराहट होने लगी, जिसके चलते परिजन स्वीफ्ट वाहन से जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे। इसी दौरान हादसे के शिकार हो गए।
श्री जायसवाल ने बताया स्वीफ्ट कार में सवार उनकी बहन हेमलता जायसवाल, रिश्तेदार सचिन पिता बद्रीलाल जायसवाल, विष्णु पिता शिवप्रसाद जायसवाल और विक्की पिता मुकेश जायसवाल भी घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे वाहन में सवार ललित मांगीलाल बड़ोले, श्याम बड़ोले, जितेंद्र प्रकाश, विशाल तुलसीराम, करण शंकर और तुलीसराम बाबूलाल सवार घायल हुए है। चिकित्सक गुंजन पाटीदार ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है। हेमलता जायसवाल एवं जितेंद्र को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।