उज्जैन। दोस्तों के साथ महाकाल दर्शन करने आया युवक मंगलवार दोपहर क्षिप्रा नदी में डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया तो तैराक दल के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद युवक का शव बाहर निकाला गया।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि दोपहर में एक युवक के क्षिप्रा नदी में डूबने की सूचना मिलने पर टीम पहुंची थी। इस दौरान सामने आया कि डूबा युवक सचिन पिता मांगूसिंह 22 साल निवासी पाली राजस्थान है। उसके तीन दोस्तों आशीष, समीर और वैभव ने बताया कि वह इंदौर में जॉब करते है, सुबह महाकाल दर्शन करने के लिये इंदौर से उज्जैन आये थे। नहाने के लिये क्षिप्रा नदी पहुंचे थे। इस दौरान सचिन गहरे पानी में चला गया था, उसे तैराना नहीं आता था। उसे बचाने के लिये शोर मचाया। पुलिस के अनुसार डूबे युवक की तलाश में मां क्षिप्रा तैराक दल के सदस्यों ने सर्चिंग शुरू कर कुछ देर में उसका शव बाहर निकाला। मामले की सूचना परिजनों को दी गई। शाम को उज्जैन पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। उसका शव अंतिम संस्कार के लिये पैतृक गांव पाली ले जाया गया है
क्षिप्रा में डूबा दर्शन करने आया राजस्थान का युवक