क्षिप्रा नदी से मिली छलांग लगाने वाले युवक की लाश

उज्जैन। क्षिप्रा नदी में शनिवार शाम युवक ने छलांग लगा दी थी, तलाशी अभियान में रविवार दोपहर उसका शव बाहर निकाल लिया गया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर दफना दिया है।
महाकाल थाना एसआई जितेन्द्र झाला ने बताया कि शनिवार शाम एक वृद्ध महिला ने सूचना देकर बताया था कि भूखी माता घाट पर एक युवक क्षिप्रा नदी में कूदा है। सूचना पर पुलिस पहुंची थी और युवक की तलाश के लिये एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया था। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल पाया था। रविवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। दोपहर में 12 बजे के लगभग युवक का शव बाहर निकाल लिया गया। मृतक सफेद-काले रंग की चैक्स शर्ट और पेंट पहने था। उसके पास से पहचान का कोई दस्तावेज नहीं मिला। एक हाथ पर कट के काफी निशान थे। दूसरे हाथ पर विकास गुदा हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ है। आसपास के लोगों से पहचान के प्रयास किये गये, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर दफनाया गया है। जिले के पुलिस थानों से गुमशुदा युवकों की जानकारी मांगी गई है, वहीं मृतक का फोटो आसपास के जिलों की पुलिस को पुलिस गु्रप के माध्यम से भेजा गया है। मृतक के परिजनों का पता चलने पर उसके द्वारा उठाये गये कदम का कारण सामने आ पायेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment