एफआरपी से ऊपर अतिरिक्त गन्ना मूल्य की मांग को लेकर कलेक्टर को दिया ज्ञापन

बुरहानपुर। नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाने के गन्ना उत्पादक किसानों ने अब अपनी उपज के पूरे मूल्य की मांग तेज कर दी है। किसानों का कहना है कि कारखाने को केवल चीनी से नहीं, बल्कि मोलासेस, बगास, प्रेसमड जैसे सह-उत्पादों से भी अच्छी आय होती है, लेकिन इसका लाभ किसानों तक नहीं पहुंचता।
इसी मांग को लेकर मंगलवार को किसान प्रतिनिधिमंडल ने कारखाने के प्रशासक एवं कलेक्टर विवेक कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मांग की कि महाराष्ट्र के सहकारी शक्कर कारखानों की तरह यहां भी एफआरपी के ऊपर अतिरिक्त गन्ना मूल्य दिया जाए।किसानों ने ज्ञापन में बताया कि महाराष्ट्र में राजस्व साझेदारी मॉडल लागू है, जिसमें चीनी के साथ सभी सह-उत्पादों की आय को जोड़कर गन्ना मूल्य तय किया जाता है। वहां किसानों को एफआरपी के अलावा अंतिम भुगतान के रूप में अतिरिक्त राशि भी मिलती है। बुरहानपुर के किसानों को भी यही व्यवस्था चाहिए।
हर सत्र में समय पर निर्धारण की मांग-किसानों ने कहा कि केवल एफआरपी देकर कारखाना अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता। प्रत्येक पेराई सत्र में कारखाने की वास्तविक आय, व्यय और शुद्ध लाभ के आधार पर अतिरिक्त मूल्य का समयबद्ध निर्धारण हो और राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचे। सहकारी कारखाने का उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि है, सिर्फ संचालन करना नहीं।ज्ञापन देने वालों में भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल जाधव, सुभाष बलीराम चौधरी, वासुदेव येवले, मोहम्मद रफीक, मिलिंद किरंगे, उज्ज्वल रामदास पाटील, मुकेश वामनराव चौधरी, ललित पटेल, पांडुरंग महाजन और संजय पठारे सहित अन्य गन्ना उत्पादक किसान मौजूद रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment