उज्जैन\ सिंहस्थ 2028 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अभी से सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। अब पुलिसकर्मियों को सिर्फ भीड़ नियंत्रित करने की नहीं, बल्कि महाकाल मंदिर की भौगोलिक संरचना, आरती व्यवस्था, इमरजेंसी गेट, आतंकी खतरे, आगजनी और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से निपटने की ट्रेनिंग दी जा रही है।शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरकर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास करते नजर आए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में ड्यूटी करने के तरीके समझा रहे थे। दरअसल, पुलिस ने इसके लिए रोल-बेस्ड ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार किया है। इसकी शुरुआत महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से की गई है। एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि पहले चरण में प्रदेशभर से ट्रेनर्स की पहचान कर उन्हें ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT) के तहत प्रशिक्षित किया गया। इसके बाद अब अलग-अलग जिम्मेदारियों के हिसाब से पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उज्जैन में 300 पुलिसकर्मियों को मिली ट्रेनिंग:महाकाल मंदिर के गेट और आरती की व्यवस्थाओं को समझाया; अफवाहों से निपटने के तरीके बताए