उज्जैन।उज्जैन में रविवार देर रात नई सड़क स्थित इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स की बेसमेंट में रखे इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही आसपास के व्यापारी और रहवासी मौके पर जमा हो गए तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक मार्केट से निकलने वाला वेस्ट मटेरियल बेसमेंट की खाली जगह में पड़ा हुआ था। इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।एक दमकल ने आग पर काबू पाया-स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि आग लगने की वजह से क्षेत्र में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।