हिरासत में आया सफाईकर्मी पर तलवार तानने वाला युवक -गीला-सूखा कचरा अलग करने पर हुआ था विवाद

उज्जैन। फाजलपुरा में शनिवार सुबह गीला-सूखा कचरा अलग करने की बात पर एक युवक ने सफाईकर्मी के साथ मारपीट कर तलवार तान दी थी। घटनाक्रम के बाद पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने चंद घंटे में आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। जिसके खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण  दर्ज किया गया है।
नगर निगम द्वारा शहर में कचरा कलेक्शन का काम किया जाता है। सफाईकर्मी प्रतिदिन शहर में घरों से कचरा कलेक्शन करते है। शुक्रवार सुबह सफाई कर्मी कचरा गाड़ी के साथ फाजलपुरा पहुंचे थे। जहां घरों से कचरा एकत्रित किया जा रहा था। गली नम्बर 3 में सफाईकर्मी फैजान पिता जफर निवासी हेलावाड़ी पहुंचा। जहां एक युवक कचरा लेकर आया। फैजान ने गीला-सूखा कचरा अलग देने के लिये कहा तो युवक ने विवाद कर मारपीट शुरू कर दी। यहीं नही उसने घर में रखी तलवार निकाली और फैजान को मारने दौड़ा।  सफाईकर्मी ने भागकर जान बचाई। घटनाक्रम की जानकारी अन्य सफाईकर्मियों को लगी तो सभी एकत्रित हो गये। नगर निगम के दरोगा भी फाजलपुरा पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फैजान के साथ हुई घटना से सफाईकर्मी आक्रोशित हो गये और चिमनगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि सफाईकर्मियों की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज किया गया। फाजलपुरा पहुंचकर युवक के परिजनों से पूछताछ की गई और कुछ घंटे बाद आरोपी कादर को हिरासत में ले लिया गया। जिससे पूछताछ की जा रही है। रविवार दोपहर न्यायालय में पेश किया जायेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment