उज्जैन। अवंतिका नगरी की रंगपंचमी पर निकलने वाली पारंपरिक गैर के साथ महाकालेश्वर ध्वज यात्रा के दौरान उमड़ने वाले जनसैलाब की सुरक्षा के लिए पुलिस ने डिजिटल कवच के साथ त्रिस्तरीय निगरानी शुरू कर दी है।
रंगपंचमी पर आज नगर गैर के साथ कृष्ण सुदामा रंग उत्सव की मस्ती का नजर अवंतिका नगरी में दिखाई देगा, वही शाम को महाकालेश्वर मंदिर से निकलने वाली ध्वज यात्रा में भी आस्था के साथ रंग गुलाल दिखाई देगा। रंग उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी गृहनगर में होगी। जिसके चलते पुलिस प्रशासन द्वारा जनसुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम शुरू किए हैं। सुरक्षा के लिए डिजिटल कवच के रूप में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। शनिवार सुबह से ही पुलिस द्वारा निकलने वाली गैर मार्ग पर डिजिटल स्तर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया था। चेकिंग पर अधिकारियों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर नजर रखी जा रही है। रंगपंचमी पर सुरक्षा व्यवस्था के लिये पुलिस महानिरीक्षक राकेश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई है। जो हर मार्ग की ऊंची बिल्डिंगो, संकरी गलियों और संवेदनशील चौराहों पर ‘तीसरी आंख’ ड्रोन कैमरों के जरिए से नजर रख रही है। इस दौरान कोई अप्रिय वस्तु या पत्थर जमा ना कर सके इसका ध्यान रखा जा रहा है, साथ ही भीड़ के घनत्व की निगरानी कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक और भीड़ को समय रहते डायवर्ट किया जा सके। डिजिटल स्तर पर निगरानी के साथ शहर के प्रमुख चौराहा पर चेकिंग पाइंट लगाए गए हैं ताकि कोई असामाजिक तत्व हुड़दंग ना कर सके। चेकिंग पाइंट पर हाई-डेफिनिशन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है।
सुरक्षा का डिजिटल कवच, पुलिस की त्रिस्तरीय निगरानी -अवंतिका नगरी में आज रंगपचमी की गैर के साथ कृष्ण-सुदामा रंगोत्सव