उज्जैन। सायरखेड़ी मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार हुई 8 लाख की लूट में गिरफ्तार किये गये चार बदमाशों को रविवार दोपहर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। बदमाशों से लूट की शेष राशि और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद करने का प्रयास जारी है।
चिमनगंज थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि नागेश्वरधाम कालोनी में रहने वाला अनुराग पिता राजेन्द्रसिंह आंजना शुक्रवार शाम दोस्त अनिरूद्ध सेन के साथ तराना तहसील के ग्राम हालूखेड़ी में मामा ईश्वरसिंह के यहां से 8 लाख रुपए लेकर एक्टिवा क्रमांक एमपी 13 ईवी 9130 से वापस लौट रहा था। सायरखेड़ी मार्ग पर झमझम कैफे के पास बाइक से आये 3 नकाबपोश बदमाशों अनुराग और उसके दोस्त अनिरूद्ध के साथ मारपीट करते हुए 8 लाख रूपये लूट लिये थे। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस दौरान सामने आया कि लूट का षडयंत्रकारी उसके साथ रहा दोस्त अनिरूद्ध सेन ही है। उससे हिरासत में लिया और पूछताछ की गई तो उसने रोहित पिता राकेश बनोलिया तिरुपतिधाम कालोनी, आलोक उर्फ बुद्धा पिता लालु उर्फ अनिल लोट निवासी दिल्ली दरबाजा भैरुगढ और यश पिता विनेश सोलंकी निवासी द्रविड़ मार्ग बहादुरगंज के साथ मिलकर लूट करना स्वीकार कर लिया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चारों से लूट की राशि में से 5 लाख रूपये बरामद किये गये। रविवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। चारों से लूट की शेष राशि 3 लाख और बाइक बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। रोहित वारदात में प्रयुक्त बाइक अपने दोस्त से मांगकर लाया था। जिसकी रास्ते में नम्बर प्लेट निकाल ली थी।
रिमांड पर 8 लाख लूटने वाले चार बदमाश