उज्जैन। रात्रि गश्त पर निकली चिमनगंज थाना पुलिस को महाकाल थाना क्षेत्र से जिलाबदर किया गया बदमाश मिल गया। बदमाश को आदेश का उल्लंघन करने पर सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
चिमनगंज थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि रविवार-सोमवार रात पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि महाकाल थाना क्षेत्र से जिलाबदर किया गया बदमाश शहजाद उर्फ शाहरुख उर्फ साबिर उर्फ चकमक पिता रशीद खान 24 साल निवासी महाराजवाड़ा स्कूल के पीछे बैगमबाग विराटनगर क्षेत्र में घूम रहा है। तत्काल गश्त टीम द्वारा उसे पकड़ने के लिये घेराबंदी गई और गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी के अनुसार बदमाश को महाकाल थाना पुलिस ने जिलाधीश के आदेश पर 6 माह के लिये नम्बर 2025 में जिलाबदर किया था। बावजूद वह शहरी सीमा में घूमता मिला। बताया यह भी जा रहा है कि बदमाश बेगमबाग क्षेत्र छोड़कर विराटनगर में रहने आ गया है। पूर्व में भी उसे पकड़ा जा चुका था। फिलहाल जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने पर उसे राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा में न्यायालय पेश कर जेल भेजा गया है।
आदतन 4 बदमाशों को किया जिलाबदर
सोमवार को जिला दंडाधिकारी द्वारा जिले के चार आदतन बदमाशों को जिलाबदर किये जाने के आदेश जारी किये। बदमाशों में मोहम्मद शेर पिता मुश्री खान 42 साल निवासी यादव कालोनी चिमनगंज, अजय पिता कैलाश बाजाजिया 27 साल निवासी काला पत्थर नानाखेड़ा, जुबेर पिता मुन्ना उर्फ अकरुद्दीन 32 साल निवासी शांति नगर बड़नगर और अजेरिया उर्फ अन्ना पिता महबूब खान 26 साल निवासी थाना जीवाजीगंज को 6 माह के लिये जिले की राजस्व सीमाओं से बाहर किया है। आदेश का उल्लंघन करने पर बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
रात्रिगश्त में घूमता मिला जिलाबदर बदमाश