सुसनेर। विद्युत वितरण केंद्र द्वारा बकाया राशि नहीं चुकाने वाले बड़े उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की-जप्ती की कार्रवाई तेज कर दी गई है। विशेष अभियान चलाकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बकायादारों के घरों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर विद्युत उपकरणों की जब्ती की गई।
अभियान के तहत ग्राम नांदना, पिपलिया नानकार, परसुलियाकला एवं सुसनेर शहर में कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने मोटरसाइकिल, विद्युत मोटर, कूलर, फ्रिज सहित अन्य घरेलू एवं व्यवसायिक उपकरणों को जप्त किया। इस दौरान कुल पांच मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। जिससे बकायादारों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए जा चुके थे। बावजूद इसके बकाया जमा नहीं कराने पर यह कार्रवाई की गई। विभाग का कहना है कि राजस्व वसूली को लेकर अब और सख्ती बरती जाएगी तथा बकायादारों के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। वितरण केंद्र सुसनेर द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे मार्च माह के अंत तक अपना बकाया बिजली बिल जमा कर दें तथा शासन की समाधान योजना का लाभ उठाएं। समय पर भुगतान करने से न केवल अतिरिक्त दंड से बचा जा सकता है। बल्कि कुर्की-जप्ती जैसी कठोर कार्रवाई से भी राहत मिलेगी। इस कार्रवाई में कनिष्ठ यंत्री इमरान हुसैन, कनिष्ठ यंत्री प्रशिक्षु विवेक कुमार, परीक्षा सहायक दिग्विजय सिंह दांगी, लाइन परिचालक जितेंद्र नामदेव, आदिल पठान सहित वितरण केंद्र एवं उपसंभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी ऐसे ही विशेष अभियान चलाकर बकाया वसूली की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। चित्र:-0094
बड़े बिजली बकायादारों पर सख्ती, कुर्की-जप्ती अभियान में पांच मोटरसाइकिलें जब्त