सनावद। सनावद पुलिस ने सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 21 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने सनावद और कसरावद क्षेत्र में चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान अलीराजपुर और धार जिले के आरोपियों की संलिप्तता के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर चोरी के सोने के आभूषण विधिवत जब्त किए गए।नवोदय विद्यालय के क्वार्टर में हुई थी चोरी-4 फरवरी 2026 को जवाहर नवोदय विद्यालय, जुनापानी के स्टाफ क्वार्टर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। अज्ञात बदमाश क्वार्टर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के आभूषण चुरा ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सनावद में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।पुलिस ने सोमला पिता बदन बघेल (26), रामसिंह पिता कालू अजनार (28) और महेश उर्फ नानका पिता जोहरसिंह बघेल (24), तीनों निवासी जिला अलीराजपुर, तथा अजय पिता कालू (20) और शंकर पिता भांगड़ा (27), दोनों निवासी ग्राम गोराडिया, थाना टांडा, जिला धार को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, सोमला, रामसिंह, महेश उर्फ नानका और अजय को पहले गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वहीं, प्रकरण में फरार शंकर को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक प्रकरण-पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में चोरी, लूट, डकैती सहित विभिन्न अपराधों के मामले दर्ज हैं। शंकर के विरुद्ध सतना, सनावद, कसरावद और इंदौर के तेजाजी नगर में भी चोरी से संबंधित प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।