उज्जैन। काम पर जाने के लिये निकली 2 बच्चों की मां को रास्ते में शराबी पति ने रोका और विवाद करते हुए चाकू मार दिया। हाथ पर चाकू लगने से महिला लहूलुहान हो गई। पति हमला करने के बाद भाग निकला।
फाजलपुरा नगर कोट क्षेत्र में रहने वाली नीतू 40 साल एक वर्ष पहले पति भगवानसिंह से अलग हो गई थी और 2 बच्चों के साथ रहकर उनके पालन-पोषण के लिये घरों में बर्तन साफ करने के साथ झाडू पोछा लगाने का काम करती है। शनिवार सुबह वह घर से काम पर जाने के लिये निकली थी, तभी पति भगवानसिंह ने उसे रास्ते में रोक लिया और विवाद करने लगा। नीतू ने विरोध किया तो पति ने चाकू निकाला और हमला किया। नीतू ने खुद को बचाने के लिये हाथ आगे किया तो वार लगने पर लहूलुहान हो गई। आसपास के लोगों ने घटनाक्रम देखा तो बचाने के लिये आगे आये। पति भीड़ लगती देख भाग निकला। नीतू को लोगों की मदद से उपचार के लिये चरक अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जानकारी लगने पर पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल नीतू के बयान दर्ज किये। इस दौरान सामने आया कि पति मिस्त्री का काम करता है और शराब पीने का आदी है। आये दिन के विवाद से परेशान होकर वह 2 बच्चों के साथ सालभर से अलग रह रही है। बावजूद पति रूपयों की मांग करता रहता है। चिमनगंज थाना पुलिस के अनुसार मामले में प्रकरण दर्ज कर पति की तलाश शुरू की गई है।
पत्नी को चाकू मारकर भागा शराबी पति