आधिकारिक ऐलान आज, 46 साल पुरानी पार्टी के 12वें प्रेसिडेंट होंगे
ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। सोमवार को दिल्ली में पार्टी हेडक्वार्टर में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। 45 साल के नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उनसे पहले अमित शाह 49 साल की उम्र में पार्टी के नेशनल प्रेसिडेंट चुने गए थे।
इधर, मंगलवार को नितिन नबीन के भाजपा अध्यक्ष चुने जाने का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। इससे पहले नितिन नबीन दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवालान मंदिर गए। वे आज पीएम मोदी से भी मिल सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया के बाद राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा था- इस पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नाम प्रस्तावित हुआ है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए।