मक्सी। “सिरोलिया रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को ट्रेन के सामने कूदकर निजी स्कूल के शिक्षक द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित युवक को हिरासत में लिया है। घटना के बाद जहां क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी, वहीं मृतक द्वारा सोशल मीडिया पर छोड़ा गया भावुक संदेश भी चर्चा का विषय बना हुआ है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सतीश पिता मणिशंकर जोशी निवासी ग्राम सिरोलिया के रूप में हुई है। उन्होंने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर लिखे संदेश में पिछले दो माह से मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही थी। साथ ही गांव के कुछ युवकों पर उनके संबंध में गलत अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया था, जिससे वे अत्यधिक तनाव में थे।”अपने अंतिम संदेश में सतीश जोशी ने लिखा था कि वे पूरी तरह होश में यह कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कथित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सभी से क्षमा याचना कर अंतिम प्रणाम किया था।घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मक्सी थाना प्रभारी मदन इवने ने बताया कि परिजनों के बयान एवं इंटरनेट मीडिया पर वायरल पोस्ट के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की ।जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक पाटीदार उर्फ कालू पिता सत्यनारायण पाटीदार निवासी सिरोलिया को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। उससे पूछताछ जारी है।
निजी स्कूल के शिक्षक द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में एक आरोपित युवक हिरासत में