दिन में गायब हो जाती हैं चौड़ी सड़कें, रात में लौटता है उनका असली स्वरूप  दुकानों के बाहर पसरा सामान बना यातायात में बाधा,  रोज लग रहा जाम

उज्जैन। शहर में सड़क चौड़ीकरण के कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं ताकि यातायात व्यवस्था सुगम हो सके, लेकिन कई प्रमुख मार्गों पर बढ़ता अतिक्रमण इन प्रयासों पर पानी फेर रहा है। स्थिति यह है कि दिनभर दुकानों के बाहर सड़क तक फैला सामान चौड़ी सड़कों को संकरा बना देता है, जबकि रात होते ही जब दुकानें बंद हो जाती हैं तब इन सड़कों का वास्तविक स्वरूप दिखाई देता है।
शहर के अनेक व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानदार अपनी दुकानों के अंदर से अधिक सामान बाहर सड़क किनारे और फुटपाथों पर रख रहे हैं। इसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और कई स्थानों पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्रवाई के बाद भी अतिक्रमण
कुछ समय पूर्व प्रशासन द्वारा सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इस दौरान बड़ी मात्रा में सामान जब्त भी किया गया, लेकिन कार्रवाई की गति धीमी पड़ते ही कई क्षेत्रों में फिर से अतिक्रमण बढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित निगरानी के अभाव में अतिक्रमणकारी दोबारा सड़क पर कब्जा जमा लेते हैं।
चौड़ी सड़कें भी बन रही हैं संकरी
शहर में कई ऐसे मार्ग हैं जिनका पूर्व में चौड़ीकरण किया जा चुका है, लेकिन अतिक्रमण के कारण इनका लाभ नागरिकों को नहीं मिल पा रहा है। दिनभर सड़क के बड़े हिस्से पर सामान और अस्थायी कब्जे होने से चौड़े मार्ग भी संकरे नजर आते हैं। परिणामस्वरूप यातायात सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पाता और जाम की समस्या बनी रहती है।  पहले से चौड़ी सड़कों को भी अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।  यदि नियमित और प्रभावी कार्रवाई की जाए तो सड़क चौड़ीकरण का वास्तविक लाभ मिल सकेगा तथा यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment