उज्जैन। चिमनगंज थाना ड्युटी पर तैनात होमगार्ड सैनिक सोमवार सुबह गिरकर बेहोश हो गया। 1 घंटे चले उपचार के बाद सैनिक का निधन हो गया। खबर मिलते ही होमगार्ड/एसडीईआरएफ डिस्ट्रिक्ट कामंडेंट अस्पताल पहुंच गये थे।
चिमनगंज थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि हरीलाल मालवीय 56 साल निवासी पिपलीनाका कई सालों से थाना ड्युटी पर तैनात था। सुबह ड्युटी पर आने के बाद अचानक गश्त खाकर गिर गया। थाना स्टॉफ ने उसे उठाने का प्रयास किया, नहीं उठने पर तत्काल सीपीआर दिया गया, सांस चलने पर सैनिक को चरक अस्पताल ले जाया गया। जहां करीब 1 घंटे चले उपचार के बाद निधन हो गया। थाना प्रभारी के अनुसार सैनिक काफी समय से टीवी की बीमारी से पीड़ित था। उसके फेफड़े भी खराब हो चुके थे। अस्पताल में भर्ती कराने के दौरान सामने आया था कि उसका बीपी कम हुआ था, फेफड़े खराब होने पर रिकवर नहीं हो पाया। होमगार्ड सैनिक के निधन की खबर मिलते ही होमगार्ड/एसडीईआरएफ डिस्ट्रिक्ट कामांडेंट संतोष कुमार जाट चरक अस्पताल पहुंच गये थे। उन्होने परिवार को सांत्वना दी और शव को पुलिस की मदद से घर तक पहुंचाया। सैनिक की अंतिम यात्रा में परिवार, रिश्तेदारों के साथ होमगार्ड के कई सैनिक और चिमनगंज थाने का स्टॉफ शामिल हुआ।
बेटी को मुख्यमंत्री ने किया था सम्मानित
डिस्ट्रिक्ट कामांडेंट ने बताया कि सैनिक 25 सालों से विभाग को अपनी सेवा दे रहा था। दिसंबर माह में विभाग के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही सैनिक को बेटी को मेघावी छात्रा के रूप में सम्मानित किया था। सैनिक का एक बेटा भी है। वहीं चिमनगंज थाना स्टॉफ ने बताया कि हरीलाल अपने बेटी की शादी के लिये रिश्ता भी तलाश कर रहा था। संभवत: इसी साल बेटी की शादी की योजना बनाई थी।
परिवार को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति
डिस्ट्रिक्ट कामांडेंट संतोष कुमार जाट के अनुसार सैनिक के निधन पर होमगार्ड विभाग परिवार के साथ है। नियमानुसार परिवार के एक सदस्य को विभाग में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जायेगी। वह लम्बे समय से पुलिस विभाग में अपनी सेवा दे रहा था।