छात्र से 17 हजार की वसूली की कोशिश:सिगरेट पीने का वीडियो अपलोड करने की दी धमकी

इंदौर। कनाड़िया क्षेत्र में एक छात्र को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 17 हजार रुपए मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी पहले भी छात्र से रुपए ले चुका है। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कनाड़िया पुलिस थाना के अनुसार वैभव नगर निवासी अभिसार कौल की शिकायत पर प्रथम बिल्लोरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अभिसार ने बताया कि उनका बेटा गर्वित पढ़ाई कर रहा है। आरोपी प्रथम बिल्लोरे उनके बेटे से 17 हजार रुपए की मांग कर रहा था। उसके पास गर्वित का सिगरेट पीते हुए वीडियो है, जिसे वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।दिसंबर में भी मांग चुका है पैसे-पीड़ित परिवार का आरोप है कि दिसंबर 2025 में भी आरोपी इसी वीडियो के नाम पर पैसे ले चुका है और उस समय भी मारपीट की थी। शनिवार को जब अभिसार कौल अपने बेटे के साथ वैभव नगर स्थित शर्मा सैंडविच नाम की दुकान पर आरोपी से बात करने पहुंचे, तो उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और वीडियो डिलीट करने की बात कहने पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने अपने साथियों को भी मोबाइल पर कॉल कर मौके पर बुला लिया।घटना के बाद अभिसार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक अभिसार कौल पेशे से प्रॉपर्टी ब्रोकर हैं। मामले की जांच जारी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment