इंदौर।शहर में गैस की किल्लत के बीच बाणगंगा क्षेत्र से ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। एक गैस एजेंसी से जुड़ा कर्मचारी करीब 30 घरों से खाली सिलेंडर लेकर फरार हो गया। आरोप है कि उसने ये सिलेंडर ब्लैक में बेच दिए। मामले में एजेंसी संचालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक वल्लभ नगर निवासी 65 वर्षीय संतोष मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है। उनका गैस पाइंट नाम से गोदाम है, जहां मुकेश सोनोने पिछले 15 साल से काम कर रहा था।आरोप है कि मुकेश घर-घर जाकर ग्राहकों को भरोसे में लेता था और कहता था कि उनका नंबर आ गया है, वह जल्द भरा सिलेंडर दे देगा। इस बहाने उसने करीब 30 ग्राहकों से खाली टंकियां ले लीं।न सिलेंडर लौटाया, न फोन उठाया-सिलेंडर लेने के बाद आरोपी ने किसी भी ग्राहक को भरी टंकी नहीं दी। जब ग्राहकों की शिकायतें आने लगीं तो एजेंसी संचालक ने मुकेश से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। घर पर भी वह नहीं मिला। बताया जा रहा है कि 22 मार्च से ही वह एजेंसी पर आना बंद कर चुका था।
किल्लत के बीच ठगी:नंबर आ गया कहकर 30 सिलेंडर लेकर कर्मचारी फरार, ब्लैक बेचने का आरोप, एफआईआर