ईडी ने अनिल अंबानी का 17 मंजिला घर जब्त किया

कीमत 3716 करोड़, बिजनेसमैन की 40 हजार करोड़ के फ्रॉड मामले में जांच जारी

ब्रह्मास्त्र मुंबई

प्रवर्तन निदेशालय ने रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के मुंबई स्थित बंगले एबोड को अटैच यानी जब्त कर लिया है। पीटीआई के अनुसार इसकी कीमत करीब 3,716 करोड़ रुपए आंकी गई है।

यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक कानून के तहत की गई है। मामला उनकी ग्रुप कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस द्वारा किए गए कथित बैंक फ्रॉड से जुड़ा है। अनिल अंबानी पर 40 हजार करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड मामले में जांच चल रही है। अनिल अंबानी का यह बंगला मुंबई के सबसे पॉश इलाके पाली हिल में स्थित है। 66 मीटर ऊंचे इस बंगले में कुल 17 फ्लोर हैं। यह देश के सबसे महंगे रिहायशी घरों में गिना जाता है। ईडी ने इस संपत्ति को कुर्क करने के लिए एक प्रोविजनल आॅर्डर जारी किया है। बैंक धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से चल रही जांच के बाद केंद्रीय एजेंसी ने यह बड़ा कदम उठाया है।

आर कॉम से जुड़ा है पूरा मामला यह पूरी कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशंस और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ चल रही जांच का हिस्सा है। आरोप है कि बैंक से लिए गए लोन की राशि का गलत इस्तेमाल किया गया और उसे अन्य कार्यों में डायवर्ट किया गया। ईडी पिछले काफी समय से अनिल अंबानी और उनके ग्रुप की वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही थी। इससे पहले भी अंबानी से इस मामले में पूछताछ की जा चुकी है। आर कॉम पिछले कई सालों से वित्तीय संकट से जूझ रही है। भारी कर्ज के बोझ तले दबी यह कंपनी फिलहाल इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड के तहत दिवालिया होने की प्रक्रिया से गुजर रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment