चार दिनों से घर में मृत पड़ा था सेवानिवृत्त आर्मीमेन

दैनिक अवंतिका उज्जैन
उज्जैन। आर्मी से सेवानिवृत्त वृद्ध का चार दिनों से घर में शव पड़ा हुआ था। दुर्गंध फैलने पर मामले का पता चला। पुलिस ने परिजनों को घटना से अवगत कराया और पोस्टमार्टम कराया। सेवानिवृत्त आर्मीमेन की मौत स्वभाविक रूप से होना सामने आई है।
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के महाशक्ति नगर में रहने अशोक पिता स्व. अनिल दुबे 75 वर्ष अकेले रहते थे। वह आर्मी से सेवानिवृत्त थे। सोमवार रात उनके मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसी राजेन्द्र तिवारी ने पुलिस को सूचना दी और बताया कि कुछ दिनों से अशोक दुबे दिखाई भी नहीं दिये है। अशोक दुबे के रिश्तेदार भोपाल में निवासरत है, उन्हे भी मामले से अवगत कराया गया। पुलिस ने महाशक्तिनगर पहुंचकर मकान का दरवाजा खोला अनिल दुबे पलंग पर मृत अवस्था में पड़े थे। शव तीन से चार दिन पुराना हो चुका था, बॉडी गर्मी से डिकम्पोज होने लगी थी। जिसे जिला अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को मंदसौर- भोपाल से रिश्तेदार मंजूला दुबे, राजा दुबे सहित परिजन पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सुपुर्द किया। रिश्तेदारों ने बताया कि अशोक दुबे अकेले रहते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। पत्नी का भी निधन हो चुका है।