आचार संहिता खत्म, अब प्रदेश में होंगे थोकबंद तबादले, कई कलेक्टर -एसपी होंगे इधर से उधर

 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार पदारूढ़ होते ही लोकसभा चुनाव में व्यस्त हो गई थी। मुख्यमंत्री यादव अब अपने कार्यकाल के बचे साढ़े चार साल विकास कार्यों को गति देने पर काम करेंगे। इसके लिए बड़े स्तर पर मंत्रालय से लेकर जिलों तक अधिकारियों को इधर उधर किया जाएगा। इसके लिए उनके काम को आधार बनाया जाएगा।

तेजतर्रार अधिकारियों को सौंपेंगे कार्य

मैदान में बेहतर परफार्मेंस और तेजतर्रार अधिकारियों को नेतृत्व सौंपा जाएगा। वहीं, खराब और कमजोर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को फील्ड से हटाया जाएगा। इसको लेकर मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के बीच मंथन पहले ही शुरू हो चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक दर्जन से ज्यादा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को हटाने की तैयारी है। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने आयोग के निर्देश पर कई अधिकारियों की फील्ड में तैनाती कर दी थी। अब सरकार सीएम डॉ. मोहन यादव अपने अनुसार अधिकारियों की जिलों में जमावट करेंगे।