भाजपा अध्यक्ष बोले- सिक्का आपका खोटा और नोटा पर वोट लोग डालें

वीडी ने कहा- पटवारी लोकत्रंत को कमजोर करने का कर रहे प्रयास

इंदौर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर लोकसभा सीट के लिए मैदान में उतरे 14 प्रत्याशियों को छोड़कर नोटा को वोट देने की अपील कर रहे हैं। वे किसी राजनीतिक पार्टी के पहले ऐसे प्रदेश अध्यक्ष हैं जो नोटा का प्रचार कर रहे हैं। यह भारतीय लोकत्रंत को कमजोर करने का प्रयास है। सिक्का आपका खोटा है और नोटा पर वोट लोग डालें।
कांग्रेस अपने क्रियाकलापों की वजह से आज इस स्थिति में है। शर्मा ने मीडिया से चर्चा में अक्षय बम का नाम लिए बगैर कहा कि उनको टिकट किसने दिया था। आपके प्रत्याशी ने धोखा दिया और आप लोगों से नोटा दबाने के लिए कह रहे हैं। शर्मा से जब पूछा गया कि कांग्रेस के खोटे सिक्के को भाजपा में शामिल क्यों किया गया, तो उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जो नेता नहीं हैं, किसी भी क्षेत्र के हैं और जो देश के लिए कुछ करना चाहते है, जिन्हें लगता है कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ सकता है, उन्हें पार्टी में शामिल किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नारा देती है बेटी हूं, लड़ सकती हूं लेकिन जब बेटी ने अपने साथ हुए गलत व्यवहार को लेकर दस्तक दी, किसी ने मदद नहीं की। उस बेटी को हमने अपने दल में शामिल किया है।

भाजपा सभी 29 सीट जीतेगी

भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में हार मान चुकी है। भाजपा प्रदेश में सभी 29 सीटें जीतेगी। हमें पिछली बार से 10 प्रतिशत अधिक मत मिलेंगे। मैं गंभीरता से कह रहा हूं कि भारत की संप्रभुता पर आक्रमण करने का काम कांग्रेस ने किया है। अपने आप को दिखाने के लिए वे इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करते हैं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के बयान की निंदा की।

हार मान चुके पटवारी

उन्होंने जीतू पटवारी के भाजपा पर राजनैतिक माफियागीरी के आरोप को लेकर कहा कि वे हार मान चुके हैं। खजुराहो में उनके गठबंधन के प्रत्याशी के नामाकंन रद्द होने पर भी वे वहां आकर गुंडागर्दी का आरोप लगा रहे थे, लेकिन वह प्रत्याशी की गलती थी। अगर उन्हें लगता था कि यह भाजपा का किया धरा है, तो न्यायालय की शरण लेनी थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।