महाकाल के नंदीहॉल में जनकल्याण के लिए महारुद्राभिषेक 

– यह अनुष्ठान 10 मई तक चलेगा, पहले दिन कलेक्टर ने की पूजा
 
दैनिक अवंतिका उज्जैन। 
महाकाल मंदिर के नंदीहॉल में जनकल्याण की भावना से रविवार को महारुद्राभिषेक शुरू हुआ। यह अनुष्ठान 10 मई तक चलेगा। पहले दिन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने अनुष्ठान में शामिल होकर पूजा-अर्चना की।   
मंदिर के शासकीय पुजारी पं. घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में महारूद्राभिषेक होगा जिसमें मंदिर के समस्त पुजारी व पुरोहित सहित अन्य पंडित शामिल है। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य एवं पुजारी प्रदीप गुरु ने बताया 6 दिनी महा रुद्राभिषेक अनुष्ठान रविवार को सुबह 11 बजे गर्भगृह में भगवान महाकाल के पूजन के साथ आरंभ किया गया। इसके पश्चात नंदीहॉल में कलेक्टर श्री सिंह ने सपत्नीक महा रुद्राभिषेक का संकल्प कर पूजन किया। 
22 ब्राह्मण रोज करेंगे लघुरुद्र का पाठ 
22 ब्राह्मणों को वारुणी प्रदान की गई। अनुष्ठान में प्रतिदिन 22 ब्राह्मण लघुरुद्र पाठ करेंगे जो सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। पूजन में प्रमुख रूप से मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य एवं पुजारी राम शर्मा, मंदिर समिति के प्रशासक मृणाल मीना, सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल सहित मंदिर समिति के अधिकारी व प्रमुख कर्मचारीगण भी मौजूद थे।
मंदिर के बाहर यज्ञ तो अंदर अभिषेक
महाकाल मंदिर में मानो इन दिनों धर्म अनुष्ठान की गंगा बह रही है। बाहर परिसर में यज्ञ अनुष्ठान चल रहा है तो अंदर नंदीहॉल में अभिषेक। इधर हवन कुंड में अग्नि देव को आहुतियां डाली जा रही है तो उधर अभिषेक में सतत जलधारा प्रवाहमान हो रही है। मंदिर के पंडे-पुजारियों का कहना है कि ऐसा मौका पहली बार आया है जब यज्ञ व अभिषेक अनुष्ठान एक साथ चल रहे हैं। 
–