इंदौर में मुख्यमंत्री ने घुमाई गदा- मंच से दी चुनौती – दम हो तो कांग्रेस 500 पार का नारा लगाए

 

हजारों कांग्रेसी हुए भाजपा में शामिल

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच पर ही गदा घूमते हुए कांग्रेस को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दम है तो वो खुद 500 पार का नारा लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने दम पर कह रहे हैं कि अबकी बार 400 पार। कांग्रेस को इस पर आपत्ति है। पूरे देश ने संकल्प लिया है, अबकी बार 400 पार।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को इंदौर में भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी की नामांकन रैली में शामिल हुए। इस अवसर पर हजारों कांग्रेसी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा ने 8000 कांग्रेसियों के पार्टी में शामिल होने का दावा किया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता। कांग्रेस विरासत कर के बारे में बोल रही है, लेकिन आज सबसे पहले विरासत टैक्स गांधी परिवार को ही भरना चाहिए।
सीएम ने कहा कि भारत में चुनाव लड़ते हैं और अमेरिका के कानून की बात करते हैं। बता दें, कांग्रेस नेता व थिंक टैंक सैम पित्रोदा ने अमेरिका में लागू विरासत कर का जिक्र करते हुए कहा कि यह अच्छा। कांग्रेस उनसे पहले आय की असमानता दूर करने का जिक्र कर चुकी थी, इसलिए पित्रोदा के बयान को उसी कड़ी में माना जा रहा है।

कांग्रेस को जमकर घेरा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस को जमकर घेरा और कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद देश के विकास की जगह देश की बर्बादी के लिए ही काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पांच साल तैयारी करती है जैसे एक बच्चा परीक्षा की तैयारी करता है। भाजपा ने इसीलिए अबकी बार 400 पार का नारा दिया क्योंकि जो परीक्षा की तैयारी करता है उसे पता रहता है कि परिणाम क्या आने वाला है।

कांग्रेस कर रही इंदौर का अपमान

इंदौर को लगातार सातवीं बार स्वच्छता में नंबर वन आने पर विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता उमंग सिंघर की बुधवार को इंदौर में दिए भाषण को मुख्यमंत्री ने आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह इंदौर का अपमान है। इंदौर इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। गौरतलब है कि उमंग सिंगार ने कहा था कि अवार्ड कैसे आते हैं यह हम सबको पता है।