उज्जैन “अधर” में,नीमच 10 फीसदी की गिरावट के बाद भी अव्वल

-संभाग में 10 वीं 12 वीं कक्षा के परिणाम

 

-हाईस्कूल में नीमच का परिणाम 62.43 तो हायर सेकेंडरी में 77 प्रतिशत रहा

उज्जैन। संभाग का छोटा सा जिला नीमच शिक्षा के क्षेत्र में संभाग में अव्वल स्थान पर है। इस वर्ष कक्षा 10 वीं के परिणाम प्रदेश स्तर पर गिरे हैं। नीमच में परिणाम गत वर्ष की अपेक्षा 10 फीसदी की गिरावट के साथ दर्ज किए गए फिर भी संभाग के 6 जिलों को मात देते हुए नीमच संभाग में अव्वल रहा है। संभागीय मुख्यालय उज्जैन प्रदेश भर के 52 जिलों में “अधर” में रहा है।

उज्जैन संभाग अंतर्गत उज्जैन,देवास,शाजापुर,आगर-मालवा,रतलाम, मंदसौर,नीमच जिले आते हैं। इनका संभागीय मुख्यालय उज्जैन है। शिक्षा के मामले में नीमच जिला पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश स्तर के परिणाम देता आ रहा है। राजस्थान की सीमा से लगा नीमच जिला धीरे-धीरे संभाग में हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के परिणाम में संभाग में अव्वल स्थान पर आ गया है। इस बार प्रदेश भर में 10 वीं के परिणामों में गिरावट के बावजूद भी नीमच ने संभाग में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।

10 वीं में 10 फीसदी गिरावट फिर भी अव्वल-

हाईस्कूल के परीक्षा परिणामों में इस बार प्रदेश स्तर पर ही गिरावट दर्ज की गई है। उसके पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल के परिणाम सामने आने के बाद शिक्षा विभाग समीक्षा और विश्लेषण में लग गया है।10 वीं के परिणाम में संभाग में नीमच जिले में पिछले वर्ष की तुलना में 10 फीसदी की गिरावट परिणाम में दर्ज की गई है। इसके बाद भी नीमच ने प्रदेश के 52 जिलों में 12 वां स्थान बनाते हुए 62.43 प्रतिशत परिणाम दिए हैं। प्रदेश स्तर पर देखा जाए तो संभाग का  देवास 59.99 प्रतिशत के साथ 16 वें ,मंदसौर58.92 प्रतिशत के साथ 21 वें,शाजापुर 58.72 प्रतिशत के साथ 22 वें, उज्जैन 58 प्रतिशत के साथ 26 वें, रतलाम 57.98 प्रतिशत के साथ 27 वें और आगर मालवा 49.69 प्रतिशत के साथ 44 वें क्रम पर रहा है।

12 वीं में गिरावट के बाद भी प्रदेश में दुसरा स्थान-

हायर सेकेंडरी के परीक्षा परिणाम में पिछले वर्ष की तुलना में गिरावट के बावजूद नीमच जिले ने 77 फीसदी परिणाम दिया है। नीमच प्रदेश में दुसरे नंबर पर दर्ज किया गया है। प्रदेश स्तर पर देखा जाए तो संभाग का उज्जैन जिला 73.19 प्रतिशत के साथ 5 वें, मंदसौर 70.70 प्रतिशत के साथ 11 वें, शाजापुर 70.17 प्रतिशत के साथ 12 वें, आगर-मालवा 69.42 प्रतिशत के साथ 18 वें, रतलाम 68.64 प्रतिशत के साथ 23 वें,देवास 60.53 प्रतिशत के साथ 37 वें क्रम पर रहा है।

संभाग के 7 जिलों में 10 वीं के परिणाम की क्रमवार स्थिति-

जिला               संभाग में क्रम          कक्षा 10 वीं

नीमच                 1                        62.43

देवास                 2                         59.99

मंदसौर               3                         58.92

शाजापुर              4                         58.42

उज्जैन               5                         58.00

रतलाम              6                          57.98

आगर-मालवा       7                         49.69

स्त्रोत- संभागीय शिक्षा कार्यालय,उज्जैन

 

संभाग के 7 जिलों में 12 वीं के परिणाम की क्रमवार स्थिति-

जिला               संभाग में क्रम          कक्षा 10 वीं

नीमच                 1                        77.00

उज्जैन                2                         73.19

मंदसौर                3                        70.70

शाजापुर              4                         70.17

आगर-मालवा        5                         69.42

रतलाम               6                          68.64

देवास                7                            60.53

स्त्रोत-संभागीय शिक्षा कार्यालय,उज्जैन