सड़को पर अंधाधुंध दौडते वाहन लोगों की ले रहे जान

उज्जैन। पिछले पांच दिनों से सड़को पर अंधाधुंध दौडते वाहन लोगों की जान ले रहे है। रविवार रात मक्सीरोड पर ट्रक ने सायकल सवार बुजुर्ग को रौंद दिया। मृतक लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का कर्मचारी था। पुलिस ने ट्रक जप्त कर मामला दर्ज किया है।
पंवासा थाना क्षेत्र के मयूर नगर में रहने वाला छेदीलाल पिता महादेव कश्यप सायकल से घर लौट रहा था। पंवासा थाने से पहले पांड्याखेड़ी क्षेत्र में उसे ट्रक ने रौंद दिया। बुजुर्ग छेदीलाल की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस दुर्घटनास्थल पहुंची और शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचाया। आसपास लोगों से पूछताछ करने पर उसके मयूरनगर में रहने की जानकारी मिलते ही परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर शिनाख्त करते हुए बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में काम करते थे और 2 बेटों के पिता था। थाना प्रभारी रविन्द्र कटारे ने बताया कि ट्रक जप्त किया गया है। चालक भाग निकला था। पिछले पांच दिनों में 6 लोगों की दुर्घटना में जान जा चुकी है। रविवार रात हुई दुर्घटना से पहले गुरूवार सुबह इंदौररोड प्रशांतिधाम चौराहा पर अज्ञात वाहन ने एक्टिवा सवार बुजुर्ग को कुचल दिया था। दूसरे दिन पुलिस वाहन से इंदौररोड मेघदूत होटल के सामने बाइक सवार की दर्दनाक मौत हुई थी। वहीं शुक्रवार-शनिवार रात 1 बजे नागदा-उन्हेल मार्ग पर अज्ञात ट्रक ने एक्टिवा और बाइक पर सवार तीन युवको को रौंदकर मौत की नींद सुला दिया था। सड़को पर बड़े वाहन अंधाधुंध गति से दौड़ रहे है। रात के समय इनकी रफ्तार अनियंत्रित हो जाती है। जिसके चलते समय से पहले लोगों की जान जा रही है।