पूर्व मंत्री दीपक जोशी भाजपा में लौटेंगे, दो कांग्रेस विधायक भी हाथ का साथ छोड़ थामेंगे कमल

कांग्रेस के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने की अटकलें

भोपाल। शिवराज सरकार में मंत्री रहे दीपक जोशी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे। अब उनके पुनः भाजपा में ही लौटने की खबर है। पूर्व मंत्री दीपक जोशी मध्य प्रदेश के कद्दावर भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र हैं। कमलनाथ सरकार के बाद जब पुनः भाजपा सत्ता रूढ़ हुई तो दीपक जोशी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंत्रिमंडल में नहीं लिया था। यहां तक तो ठीक है, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के स्मृति में बनने वाले स्मारक के जमीन आवंटन तथा अन्य मामलों को लेकर शिवराज सिंह चौहान के रवैये से नाराज दीपक जोशी ने भाजपा छोड़कर पूर्व मुख्यमंत्री और तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। यह विधानसभा चुनाव के पहले हुआ। दीपक जोशी ने कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन हार गए।

शिवराज नहीं मनाया दीपक जोशी को

बताया जा रहा है कि दीपक जोशी को शिवराज सिंह चौहान ने ही भाजपा में आने के लिए मना लिया है और बहुत ही जल्द दीपक जोशी एक बार फिर भाजपा में होंगे। कहा तो यही जा रहा है कि दो कांग्रेस विधायक भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इन दो कांग्रेसी विधायकों के साथ कांग्रेस संगठन के कई बड़े नेता और सक्रिय कार्यकर्ताओं के भी भाजपा में शामिल होने की बात कही जा रही है। कांग्रेस के लिए यह एक और बड़ा झटका होगा। गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी के नेतृत्व में इंदौर के दो पूर्व विधायक संजय शुक्ला तथा विशाल पटेल ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।