April 30, 2024

राहुल गांधी ,शशि थरूर सहित 40 उम्मीदवारों के होंगे नाम, अमेठी या रायबरेली से लड़ सकती हैं प्रियंका

नई दिल्ली/ भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अपनी पहली सूची आज जारी कर सकती है, जिसमें 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा सकते हैं। इन नामों में राहुल गांधी, शशि थरूर आदि के नाम होंगे। फिलहाल मध्य प्रदेश से किसी भी लोकसभा प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं होगा। मध्य प्रदेश के प्रत्याशियों की घोषणा दूसरी या तीसरी सूची में आ सकती है। मध्य प्रदेश के उम्मीदवारों को लेकर अभी बैठक होनी बाकी है। गौरतलब है कि भाजपा 195 नाम की पहली सूची जारी कर चुकी है। अब कांग्रेस भी लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी करने वाली है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात तक कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें कई नामों पर मुहर लग गई है। आज 8 मार्च को कांग्रेस की पहली सूची जारी हो सकती है। बीजेपी की तरह ही कांग्रेस की पहली लिस्ट में भी कई बड़े दिग्गजों के नाम शामिल होंगे। ये माना जा रहा है कि कांग्रेस की पहली लिस्ट में पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी का नाम होगा और वो वायनाड से चुनाव लड़ सकते हैं। फिलहाल राहुल गांधी वायनाड से ही सांसद भी हैं। राहुल गांधी के अलावा पहली सूची में पार्टी ने लगभग 40 नामों पर मुहर लगाई है।

इन राज्यों के उम्मीदवार हो सकते हैं घोषित

कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में फिलहाल छत्तीसगढ़, मणिपुर, केरल, कर्नाटक, नागालैंड, सिक्किम और मेघालय के कुछ उम्मीदवारों पर सहमति बनी है।