कोहरे की चादर में लिपटी दिखी धार्मिक नगरी की सुबह -तापमान में आ रही तेजी, फिर भी ठंड का अहसास

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) तापमान में उतार-चढ़ाव के बाद अब कोहरा छाने लगा है। रविवार को धार्मिक नगरी की सुबह कोहरे की चादर में लिपटी दिखाई दी। लोग गरम कपड़े पहले दिखे। मौसम विभाग ने नवबंर के अंतिम सप्ताह में तेज ठंड की शुरूआत होने का अनुमान जताया है।शरद पूर्णिमा के बाद गुलाबी ठंड की दस्तक हो जाती है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ समझ नहीं आ रहा है। नवबंर माह के 19 दिन बीत चुके है। कभी तापमान कम तो कभी सामान्य से ज्यादा दर्ज हो रहा है। इस बीच 2-3 दिनों से शहर में कोहरे का आभास भी होने लगा है। रविवार को घना कोहरा दिखाई दिया। जिसकी धूंध सुबह 8.30 बजे तक बनी हुई थी। धूप निकलने के बाद कोहरा साफ हुआ। शाम को फिर से ठंडी हवा चलने पर ठिठुरन का अहसास होने लगा था। दिन में हवा थमी होने पर गर्मी महसूस हो रही थी। इस बीच तापमान में डेढ़ डिग्री की तेजी आई और जीवाजीराव वेधशाला पर 31 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार-रविवार रात न्यूनतम तापमान भी डेढ़ डिग्री बढऩे के साथ 16.5 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विभाग की माने तो हवा का रूख बदल रहा है। कभी उत्तरी हवा चल रही है तो कभी पश्चिमी। जिसके चलते तापमान कम ज्यादा हो रहा है। सुबह-शाम की आद्र्रता का प्रतिशत कम-ज्यादा होने से कोहरा दिखाई दे रहा है।      शाम को 5.41 मिनट पर हो रहा सूर्यास्त जैसे-जैसे नवबंर माह गुजर रहा है, सूर्यास्त के समय में एक 1 मिनट की कमी आ रही है। जिससे रात लम्बी होने लगी है। 10 नवबंर तक सूर्य शाम को 5.43 मिनट पर अस्त हो रहा था। 11 नवबंर को एक मिनिट की ओर कमी आ गई। रविवार (19 नवबंर) को सूर्यास्त का समय 5.41 मिनट का हो गया है। सुबह सूर्योदय के समय में भी एक मिनट बढ़ रहा है। रविवार से सूर्योदय का समय 6.44 मिनट का हो गया है। 24 दिसंबर तक रात बढ़ी और दिन छोटे रहेगें। 25 दिसंबर से दिन बढ़े और रात छोटी होने लगेगी।