इंदौर में रविवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन, उज्जैन भी खूब तपा

 

इंदौर। सूरज की तपिश लगातार झुलसा रही है। प्रदेशभर में रविवार को पारा और अधिक ऊंचाई पर पहुंचा। इंदौर में रविवार इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जो 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा है। रविवार को 42 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। उज्जैन में 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

इंदौर में मई में गर्मी ने परेशानी बढ़ाई है। मई में छह दिन से तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। बीते 15 दिनों में गर्मी बढ़ते ही हल्की बारिश भी हुई है। मई के अधिकांश दिन 38-39 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक तापमान बढ़ने के कारण इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश में सबसे गर्म शहर के नाम से प्रसिद्ध बड़वानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गत वर्ष 18 मई को 41.3 डिग्री था। यहां दो साल पहले भी मई में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार गया था।

कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, बड़वानी में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री रहा है। ऐसे में, जरूरी काम होने पर ही लोग घर से बाहर निकले। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, रतलाम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा। यहां भी लोग भीषण गर्मी से बेहाल रहे।

13 शहरों में 42 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ तापमान

प्रदेश के कुछ शहरों में आंशिक बादल बने हुए हैं। तापमान बढ़ने से भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर एवं उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, ग्वालियर, चंबल एवं सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की भी आशंका है।