मृतक ने मुम्बई की युवती से किया था प्रेम विवाह

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) अर्पिता कालोनी में फांसी लगाकर सुसाइड करने वाले युवक ने 2 साल पहले मुम्बई की युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद से वह आर्थिक परेशानी के चलते तनाव में था। पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है।नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के अर्पिता कालोनी में गुरूवार रात किराये के मकान में रहने वाले दुर्गेश पिता अजय बमनावत ने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। मां इंदिराबाई रात 10 बजे घर पहुंची थी, उसने दुर्गेश को फंदे पर लटका पाया था। जानकारी लगने पर पुलिस पहुंची थी और मर्ग कायम कर शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। बताया जा रहा है कि मृतक के पास से सुसाइट नोट मिला है। जिसमें आर्थिक परेशानी का उल्लेख किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया है। मृतक के रिश्तेदार ओमप्रकाश ने बताया कि दुर्गेश पुताई का काम करता था, उसकी 2 साल पहले मुम्बई की रहने वाली रूबीना से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। रूबीना इंदौर के निजी अस्पताल में नर्स है। दोनों एक-दूसरे का पसंद करने लगे थे और प्रेम विवाह कर लिया था। घटना के समय रूबीना इंदौर ड्युटी पर गई थी। दुर्गेश मूलरूप से कालापत्थर का रहने वाला था। नानाखेड़ा थाना एसआई लाखनसिंह ने बताया कि परिजनों के बयान किये जाएगें उसके बाद ही आत्महत्या की वजह सामने आ पायेगी।