इंदौर में बनेगा पहला डबल डेकर ब्रिज मुख्यमंत्री आज शाम करेंगे भूमिपूजन

डबल डेकर ब्रिज के नीचे से मेट्रो ट्रेन और सुपर कारिडोर से एमआर-10 का फ्लाईओवर गुजरेगा, यह शहर का सबसे ऊंचा ब्रिज होगा

इंदौर। उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के अलावा 2028 में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए लवकुश चौराहे पर इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) डबल डेकर ब्रिज बनाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसके निर्माण के लिए आज शाम 7 बजे भूमिपूजन करेंगे। इसी ब्रिज के नीचे से मेट्रो ट्रेन और सुपर कारिडोर से एमआर-10 का फ्लाईओवर गुजरेगा। यह शहर का सबसे ऊंचा ब्रिज होगा।
यह ब्रिज बाणगंगा की तरफ से अरबिंदो अस्पताल के पहले तक बनेगा। 146 करोड़ रुपये में 24 माह में इसका निर्माण किया जाएगा। छह लेन के इस ब्रिज की लंबाई 1452 मीटर और चौड़ाई 24 मीटर होगी। इसकी ऊंचाई 23 मीटर रहेगी। मेट्रो और फ्लाईओवर के कारण चौराहे पर 60 मीटर का स्पान रखा जाएगा।

सरवटे से सीधे उज्जैन रोड जा सकेंगे

बाणगंगा रेलवे क्रासिंग पर भी पीडब्ल्यूडी द्वारा रेलवे ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। जो सीधे उज्जैन रोड पर बाणगंगा ब्रिज के आगे उतरेगा। इसके पूरा होने के बाद वाहन सरवटे से एमआर-4 का उपयोग कर बाणगंगा आरओबी से होते हुए डबल डेकर ब्रिज से सीधे उज्जैन रोड पर पहुंच जाएंगे।