इंदौर में इंजीनियर की हत्या करने वाले दोनों आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस

 

इंदौर। शहर में हुए सिविल इंजीनियर अतुल जैन हत्याकांड में चंदन नगर थाना पुलिस ने आरोपी रोहित इंदूरिया और आयुष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के हाथ-पैर टूट गए हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों चकमा देकर भागने की कोशिश में थे। स्कूटर डिवाइडर में घुस गया और दोनों घायल हो गए।
टीआई मनीष मिश्रा के मुताबिक, बुधवार रात अतुल की धार रोड पर स्कूटर सवार अज्ञात आरोपियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रोहित इंदूरिया निवासी चंदन नगर ई-सेक्टर और आयुष निवासी नगीन नगर को चिह्नित किया। गुरुवार रात दोनों आरोपियों को जोबट से गिरफ्तार किया। हालांकि, पुलिस ने नावदापंथ क्षेत्र से पकड़ना बताया है।

खून से सने कपड़े और चाकू बरामद

दोनों आरोपियों के हाथ और पैरों में चोट आई है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस से बचने के लिए आरोपी ब्रिज पर चढ़े थे। भागने के दौरान स्कूटर डिवाइडर से टकरा गया। शुक्रवार को पुलिस आरोपियों को घटना स्थल पर लेकर गई। इस दौरान देखने वालों की भीड़ लग गई। लड़खड़ाते हुए चल रहे आरोपियों ने लोगों से माफी मांगी। इसके बाद पुलिस दोनों को चंदन नगर और नगीन नगर स्थित घर भी ले गई। पुलिस ने यहां से खून से सने कपड़े और चाकू बरामद किया।