तिरंगा यात्रा पर पथराव-पेट्रोल बम फेंकने वालों का वीडियो पुलिस ने किया जारी

इंदौर ।  स्वतंत्रता दिवस पर शहर में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हुई। असामाजिक तत्वों ने तिरंगा यात्रा पर हमला कर दिया। पहले यात्रा पर पथराव किया गया। बाद में डीजे वाहन पर पेट्रोल बम फेंककर साउंड सिस्टम में आग लगाने की कोशिश की। हमले में वर्ग विशेष के युवकों का हाथ बताया गया है। पुलिस ने तीन हमलावरों के सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया।
15 अगस्त (मंगलवार) को पूरे देश में जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकाली गई थी। विधानसभा क्रमांक-4 में भी भारतीय जनता युवा मोर्चा नेता वैभव पंवार ने तिरंगा यात्रा (बाइक रैली) निकाली थी। रैली लालबाग से शुरू होकर मुकेरीपुरा, नरसिंह बाजार, राज मोहल्ला की तरफ जा रही थी। रैली में आगे-आगे डीजे वाहन चल रहा था और कार्यकर्ता दोपहिया वाहनों पर हाथ में तिरंगा लिए जा रहे थे। डीजे पर देशभक्ति के गाने बज रहे थे। रैली जैसे ही मुकेरीपुरा (दरगाह चौराहा) पहुंची, कुछ असमाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। भाजयुमो पदाधिकारी महेश यादव के मुताबिक, बाइक चला रहे आरोपित का चहरा साफ दिखाई दे रहा है। लेकिन बीच में बैठा आरोपित नकाब पहने हुए है।