शिवराज बोले- प्रियंका गांधी को इतना अधिक झूठ बोलना शोभा नहीं देता

 

वीडी शर्मा ने कहा- वे घोटालों की लिस्ट ढूंढ रही थीं, नहीं मिली, क्योंकि दिग्विजय पीछे थे

भोपाल। ग्वालियर दौरे पर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बयानों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि उन्हें झूठ बोलना शोभा नहीं देता। इतना झूठ नहीं बोलना चाहिए कि पचे नहीं।
भाजपा के प्रदेशधाक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि वे कल घोटालों की लिस्ट ढूंढ रही थीं। लिस्ट नहीं मिली, क्योंकि दिग्विजय सिंह को उन्होंने पीछे कर रखा था। कांग्रेस के घोटालों की लाइन लग जाती।
प्रियंका गांधी शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल अंचल में पहली बार आईं। उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाने साधे। पटवारी भर्ती को घोटाला कहा। मंच से प्रदेश सरकार की घोटालों की लिस्ट भी सार्वजनिक करने की बात कही। हालांकि, बाद में उन्हें यह कहते हुए टाल दिया कि लिस्ट अभी मिल नहीं रही है।

शिवराज ने कहा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल के स्मार्ट पार्क में 21 साल से 23 साल की उम्र की 21 महिलाओं के साथ पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि अब से 21 से 23 साल की बहनें भी लाड़ली बहना योजना के लिए पात्र होंगी। फॉर्म 25 जुलाई से भरे जाएंगे। ऐसी महिलाएं, जिनके पास 5 एकड़ जमीन है और ट्रैक्टर है, वे भी अब पात्र होंगी।
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के लिए कहा, ‘वे पूछ रही हैं कि 18 साल में क्या हुआ? मैं बताता हूं कि पहले गड्‌ढों में सड़क थी, बिजली आती नहीं थी। 3 साल में 27 नौकरी की बात प्रियंका कर रही हैं। सच यह है कि मप्र में 1 साल में 55000 नौकरियां दी गईं। भर्ती करो तो कांग्रेस को दिक्कत, न करो तो दिक्कत। कांग्रेस हर काम में सवाल उठाती है। कांग्रेस ने तो योजनाओं को बंद करने का काम किया था। झूठ सुनकर आश्चर्य होता है।’