अवंतिका द्वार शुरू होने के बाद महाकाल दर्शन शुल्क भी हटेगा

 

उज्जैन।  महाकाल मंदिर में उज्जैन के लोगों के लिए अलग दर्शन प्रवेश हेतु अवंतिका द्वार की शुरुआत होने के बाद अब दर्शन शुल्क भी हटाया जा सकता है। इस पर शासन-प्रशासन विचार कर रहा है।

इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया ने नागदा प्रवास के दौरान चर्चा भी की है। मुख्यमंत्री जब सड़क मार्ग से नागदा से उज्जैन के लिए निकले तो सांसद फिरोजिया भी उनके साथ ही थे। इसी दौरान सांसद फिरोजिया ने मुख्यमंत्री से उज्जैनवासियों के लिए चर्चा करते हुए मांग की कि महाकाल दर्शन के लिए विशेष अवंतिका द्वार की निःशुल्क सौगात तो दे दी है। इसके लिए आभार लेकिन अब महाकाल दर्शन में लगने वाले शुल्क को खत्म करने की भी प्रमुख मांग है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर गंभीरता से विचार करेंगे। अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे, इसके पश्चात शीघ्र ही इस बारे में निर्णय लेंगे।