इंदौर में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर भरा पानी, दोपहर बाद मौसम बदला

पूर्वी इलाके में हुई जोरदार बारिश
नगर प्रतिनिधि  इंदौर
सोमवार सुबह से शहर में बादल छाए रहे और अल सुबह हल्की वर्षा भी हुई। देर शाम हुई मूसलाधार बारिश से सड़कों पर खासा पानी जमा हो गया। खासकर पूर्वी इलाके में जोरदार बारिश हुई।
सुबह पश्चिमी हवाएं 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24 डिग्री दर्ज किया गया। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर पिछले 24 घंटे में 1.9 मिलीमीटर और रीगल स्थित मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वेदर स्टेशन पर 4.50 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी वर्षा का दौर जारी रहेगा। गौरतलब हैं कि रविवार को शहर में बादल छाए रहे और सुबह के समय वर्षा की हल्की फुहारें पड़ीं। दोपहर में बादल छंटे और हल्की धूप भी निकली। दिन में पश्चिमी हवाएं 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इंदौर में अगले दो से तीन दिन तक हल्की से मध्यम वर्षा होगी। वर्तमान में शहर में बादल तो छा रहे हैंं, लेकिन धूप न निकलने के कारण बादलों से वर्षा नहीं हो पा रही है। वर्तमान में उड़ीसा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ।
वहीं एक मानसून द्रोणिका गंगानगर, नरनौल, अलीगढ़ होते हुए बनारस डालटनगंज तक के साथ कम दबाव के क्षेत्र होते बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में इंदौर में अभी नमी बरकरार होने के कारण बादल बन रहे हैं। अभी इंदौर संभाग में तेज वर्षा की गतिविधियां नहीं दिखाई दे रही है। रविवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 28.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था।