थाने में धरना देना मंडल अध्यक्ष को पड़ा भारी

आलोट। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा ने आलोट मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह आंजना को हटाकर उनके स्थान पर संघ से जुड़े हुए युवा दिलीप सिंह झारबर्डीया को भाजपा आलोट मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि गत माह 23 मई को निवर्तमान मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह आंजना एवं साथियों द्वारा आलोट पुलिस थाने पर पुलिस कर्मियों के आचरण के विरुद्ध धरना दिया था जिसको लेकर जिला अध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था इसी के चलते राजनीतिक उठापटक के बाद शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक ने आरोपी चारों पुलिसकर्मियों को जावरा स्थानांतरित करने के आदेश दिए थे वही आज जिला अध्यक्ष ने अचानक आलोट सहित धराड़ एवं रावटी के मंडल अध्यक्षों को बदलने की घोषणा की है। गौरतलब है कि इसी वर्ष विधानसभा चुनाव भी होने को है ऐसे में मंडल अध्यक्ष को बदलना पार्टी के लिए एक चुनौतीपूर्ण कार्य कहा जा रहा है।

रिपोर्ट निलेश जाॅंगलवा