April 20, 2024

राऊ थाना क्षेत्र की घटना, भाई को बचाने गई नाबालिग लड़कियों से भी की मारपीट
दैनिक अवन्तिका  इंदौर
इंदौर में छेड़छाड़ की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। मनचले अश्लील कमेंट्स और अश्लील हरकतें करते हैं। राऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तीन किशोरियां छेड़छाड़ का शिकार हुई। उनके भाई ने विरोध किया तो मनचलों ने मारपीट कर दी। बीचबचाव करने पर किशोरियां भी घायल हो गई।पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
राऊ थाना पुलिस के मुताबिक, घटना मंडले कालोनी की है। 14 वर्षीय किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने रवि, सुनील और दो अन्य युवकों पर केस दर्ज किया है। किशोरी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे दो बहन और भाई के साथ वह पानी-पूरी खाने गई थी। इस दौरान दो युवक स्कूटी लेकर आए और हमें देखकर कमेंट्स करने लगे।उन्होंने कहा कि हमारे साथ पानी-पूरी खा लिया करो। हमारे भाई ने इसका विरोध किया तो उसे बेल्ट से मारना शुरू कर दिया। किशोरियां भी बचाने आई तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
निजी फोटो भेज युवती का रिश्ता तुड़वाया
चंदन नगर पुलिस ने आरोपित वसीम खान के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपित का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने शादी से इन्कार किया तो निजी फोटो होने वाले पति को भेज दिए। इससे उसका रिश्ता टूट गया। पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय युवती से पहले आरोपित वसीम के संबंध थे, लेकिन वह शादी नहीं कर रहा था। स्वजन ने उसका दूसरी जगह पर रिश्ता तय कर दिया। जब इसकी जानकारी वसीम को लगी तो उसने युवती के साथ खींचे फोटो होने वाले पति को भेज दिए। आपत्तिजनक फोटो देख युवती के होने वाली पति ने शादी करने से इन्कार कर दिया।